पाटन/संवाददाता
पाटन अनुभाग में पुलिस मुख्यालय भोपाल से स्थानांतरित हो कर आए नवागत एसडीओपी आशुतोष द्विवेदी एवं नवागत थाना प्रभारी पूजा उपाध्याय ने आज नगर में अपने दलबल के साथ पैदल मार्च निकलते हुए यातायात का जायजा लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एसडीओपी पाटन एवं थाना प्रभारी पाटन के द्वारा नगर में पैदल मार्च कर यातायात व्यवस्था को देखा गया, वहीं दूसरी ओर सड़क के किनारे खड़े दो पहिया और चार पहिया वाहनों के मालिकों को हिदायत दी गई कि उक्त वाहनों यथा उचित पार्क किया जाये ताकि आवागमन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रहे।

ज्ञात हो कि विगत दिनों पाटन जबलपुर मार्ग पर वाहन दुर्घटनाओं का सिलसिला बढ़ता जा रहा है जिसका एक कारण शहपुरा जबलपुर मार्ग का बंद होना तो वहीं दूसरा कारण यह भी हैं कि लोग सड़क के किनारे अव्यवस्थित वाहन खड़े कर देते है जिससे कि यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित नहीं हो पाती है एवं लोगों को जाम का सामना करना पड़ता है।

पाटन अनुभाग के अंतर्गत ऐसी कई समस्याएं एवं अनियमितताएं है जिनको नवागत पुलिस अधिकारियों को दुरुस्त करना है अब देखना यह कि नगर में व्याप्त और भी कई समस्याओं को नवागत अधिकारीगण कहाँ तक सुधारने में सफल होते हैं।

