राजस्वसमाधान छतरपुर एप की सुविधा से समस्याओं का होगा समाधान
छतरपुर / ब्यूरो
कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह द्वारा राजस्व प्रशासन की सेवाओं में सुशासन के मद्देनजर शिकायतों के समाधान के लिए राजस्व समाधान छतरपुर एप की सुविधा शुरू की गई है। राजस्व संबंधी समस्याओं का समाधान करने के लिए जिला प्रशासन छतरपुर द्वारा शुरु किए गए राजस्व समाधान एप के जरिए प्रदत्त सेवाओं को निश्चित समयावधि में उपलब्ध कराया जायेगा और राजस्व विभाग की शिकायतों का समाधान होगा। यह एक समन्वित शिकायत निवारण व्यवस्था है। यह प्रणाली नागरिकों एवं राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच आसान एवं पारदर्शी तरीके से संवाद स्थापित करने में सहायक होगी।
यह भी पढ़े-समय सीमा में पूरे करें प्रोजेक्ट -मंत्री भूपेंद्र सिंह
नागरिक किसी भी समय शिकायतों को ऑनलाइन दर्ज एवं ट्रैक कर सकेंगे। इसके लिए आवेदक को गूगल प्ले स्टोर से राजस्व समाधान एप डाउनलोड करना होगा। एप्लीकेशन डाउनलोड होने के बाद आवेदक को मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा, जिसके बाद वेरीफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण होगी तत्पश्चात् आवेदक शिकायत से संबंधित विषय का चयन करते हुए अपने क्षेत्र का चयन करते हुए अथवा बोलकर या लिखकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
शिकायत दर्ज होने के उपरांत ही शिकायतकर्ता द्वारा चुने गए क्षेत्रीय अधिकारी के लॉगिन पर शिकायत प्रदर्शित होगी एवं अधिकारी को शिकायत दर्ज होने की जानकारी एसएमएस के माध्यम से प्रेषित होगी, जिसका तथ्यात्मक एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण अधिकारी को दर्ज करना आवश्यक होगा।

