पाटन/सजल सिंघई
प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान जबलपुर जिले पाटन नगर में अल्प प्रवास के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन पहुंचे। जहां उन्होंने नव निर्मित ऑपरेशन थियेटर का लोकार्पण किया एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन को प्रदेश का एक मॉडल अस्पताल बताया, साथ ही खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ आदर्श विश्नोई के प्रयासों की जम कर सराहना की।
शत प्रतिशत कोविड वैक्सीनेशन वाली पंचायतें हुई सम्मानित
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पाटन स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नवनिर्मित ओटी का शुभारंभ किया। उन्होंने पाटन अस्पताल की व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बनाई गई सुविधाओं को प्रदेश स्तर पर अपनाया जाएगा। उन्होंने पाटन अस्पताल को जल्द 100 बिस्तर का अस्पताल बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि 100 बिस्तर का अस्पताल बनाने के साथ नये अस्पताल में व्यवस्थाओं को और बेहतर और आधुनिक किया जाएगा। श्री चौहान ने पाटन के अस्पताल को आदर्श मानते हुए अस्पताल के व्यवस्थाओं की तारीफ की। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को आदर्श बनाने वाली टीम को भी बधाई दी। श्री चौहान ने कहा कि पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाएं महानगर के अस्पताल से कम नहीं है। उन्होंने अस्पताल परिसर में कोविड संक्रमित मरीजो से उनके परिजनों के मिलने के लिए बनाई गई व्यवस्था की सराहना की। मुख्यमंत्री ने विधायक पाटन श्री अजय विश्नोई के नेतृत्व में एंबुलेंस चलाने के लिए बनाई गई जन सहयोग की व्यवस्थाओं की प्रशंसा की। उन्होंने श्री विश्नोई द्वारा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की तारीफ की। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन के पीडब्ल्यूडी मंत्री एवं जबलपुर जिले के प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव, श्रीमती रानू तिवारी, सुमित्रा बाल्मीकि, अजय मोहन और स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा कलेक्टर कर्मवीर शर्मा, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा और अपर कलेक्टर राजेश बाथम उपस्थित थे।


