जबलपुर, 17 जुलाई। जबलपुर के पूर्व महापौर एवं जनप्रिय नेता स्वर्गीय पंडित विश्वनाथ दुबे जी की 87वीं जयंती गुरुवार को प्रातः 10:00 बजे नगर निगम कार्यालय के सामने स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिकों, वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने स्वर्गीय पंडित विश्वनाथ दुबे जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने सदैव दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनहित और शहर के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों, प्रशासनिक दूरदर्शिता तथा जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को आज भी शहरवासी सम्मान और गर्व के साथ याद करते हैं।

वक्ताओं ने कहा कि पंडित विश्वनाथ दुबे जी का सार्वजनिक जीवन सादगी, ईमानदारी और जनकल्याण के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण रहा है। उन्होंने नगर के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए, जिनका लाभ आज भी जबलपुर की जनता को मिल रहा है। उनके आदर्श और विचार नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने स्वर्गीय पंडित विश्वनाथ दुबे जी को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने तथा जनसेवा और शहर के विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

@YM_Dharm

