संतोष साहू,
महाराष्ट्र में सरकारी विद्यालयों के छात्रों में गणित शिक्षा के परिणामों में सुधार लाएगी
मुम्बई। महाराष्ट्र राज्य प्रशासन के विद्यालय शिक्षा और खेल विभाग ने खान अकैडमी के साथ सहयोग किया है। महाराष्ट्र के विद्यालयों में पहली से दसवीं तक की कक्षाओं के छात्रों में गणित शिक्षा के परिणामों में सुधार लाना इस साझेदारी का उद्देश्य है। इस साझेदारी के ज़रिए मराठी भाषा में गणित की पढ़ाई की उच्च गुणवत्ता पूर्ण सामग्री छात्रों तक पहुंचाई जाएगी, जिससे छात्र अपनी भाषा में गणित पढ़ सकेंगे। पहले चरण में महाराष्ट्र के 488 मॉडल विद्यालयों को नयी गणित सामग्री और उन्नत ऑनलाइन संसाधन दिए जाएंगे। साथ ही इन सरकारी स्कूलों के सभी शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा ताकि वे छात्रों को पढ़ाने में इस्तेमाल करने योग्य ऑनलाइन संसाधनों का लाभ उठा पाएंगे और हर छात्र के व्यक्तिगत प्रगति डेटा के आधार पर उन्हें व्यक्तिगत शिक्षा अनुभव प्रदान कर सकेंगे।
2021 से, महाराष्ट्र सरकार और खान अकैडमी इंडिया साथ मिलकर काम करते हुए खान अकैडमी की उच्च गुणवत्ता वाली गणित सामग्री को नए सिरे से बना रहे हैं। इस सामग्री में 700 से ज़्यादा वीडियोज़, लेख और मराठी में प्रैक्टिस एक्सरसाइजेज़ शामिल हैं। यह सभी सामग्री खान अकैडमी के अलावा एससीईआरटी महाराष्ट्र वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। इस सामग्री का इस्तेमाल करते हुए छात्र अपनी गति से, गणित में एक ठोस आधारभूत समझ बना पाएंगे। इसका इस्तेमाल छात्र किसी भी डिवाइस पर निःशुल्क कर सकेंगे। इसके अलावा, शिक्षकों के पास भी आवश्यक ऑनलाइन टूल्स और रियल-टाइम डेटा होगा जो उन्हें कक्षा और व्यक्तिगत स्तर पर पढ़ाई में मौजूद कमियों को समझकर उन्हें दूर करने में मदद करेगा।
इस साझेदारी के तहत, खान अकैडमी की टीम महाराष्ट्र सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है ताकि 2000 से अधिक शिक्षकों, 36 जिला नोडल अधिकारियों और 488 प्रधानाध्यापकों को खान अकैडमी की यूज़ केस, उनकी पढ़ाई की सामग्री का प्रभावी ढंग से उपयोग करने और व्यक्तिगत तरीकों से गणित सीखने की प्रक्रिया को कक्षा में लागू करने के लिए शिक्षित किया जाएगा। पहले चरण में, महाराष्ट्र में 1,00,000 से अधिक छात्रों के लिए 488 स्कूलों में व्यक्तिगत गणित सीखने के माहौल को सफलतापूर्वक लागू करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इसे आगे और अधिक स्कूलों और स्वतंत्र छात्रों तक बढ़ाया जाएगा जो सामग्री की पूरी लाइब्रेरी का निःशुल्क लाभ उठा पाएंगे।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर खान अकैडमी की पहल की शुरूआत करते हुए, महाराष्ट्र की स्कूली शिक्षा मंत्री, वर्षा गायकवाड़ ने इस साझेदारी पर गहरा उत्साह व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “छात्र समाज और देश का भविष्य हैं, उन्हें सर्वोत्तम गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुविधाएं प्रदान करना हमारा कर्तव्य है। मुझे खुशी है कि खान अकैडमी जैसे संगठन राज्य सरकार के साथ मिलकर शिक्षा के बेहतर बुनियादी ढांचे के निर्माण के समान दृष्टिकोण की दिशा में काम कर रहे हैं।
इस पहल के बारे में शिक्षा आयुक्त विशाल सोलंकी ने कहा, “खान अकैडमी के साथ हमारी साझेदारी का उद्देश्य हमारे छात्रों को उनकी अपनी भाषा में प्रौद्योगिकी और विश्व स्तरीय सामग्री के ज़रिए शिक्षा की सर्वोत्तम बुनियादी सुविधाएं प्रदान करना है। स्कूल फिर से खुल रहे हैं, हम एक बेहतर कक्षा अनुभव को सक्षम कर रहे हैं जो छात्रों को व्यक्तिगत सीखने के अवसर प्रदान करके पढ़ाई में आने वाली कमियों को दूर करने में मदद करेगा।
एससीईआरटी निदेशक देवेंद्र सिंह ने कहा, “मुझे खुशी है कि नई गणित शिक्षा सामग्री खान अकैडमी के अलावा एससीईआरटी महाराष्ट्र की वेबसाइट पर भी होगी, जिससे छात्र विश्व स्तर की शिक्षा निःशुल्क प्राप्त कर सकेंगे। खान अकैडमी इंडिया के एमडी संदीप बापना ने कहा, “सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार की इस महत्वाकांक्षी परियोजना में महाराष्ट्र सरकार के साथ काम करने का अवसर हमें मिला यह हमारे लिए गर्व की बात है। हम मराठी में उच्च गुणवत्ता वाली शैक्षिक सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराने की दिशा में अपने दृष्टिकोण में संयुक्त रूप से जुड़े हुए हैं। इस मराठी सामग्री को बनाने के लिए उनके समर्थन और उनके शिक्षण संसाधन हमें उपलब्ध कराने के लिए महाराष्ट्र राज्य प्रशासन के हम आभारी हैं।

