सागर/ब्यूरो
खेत तालाब भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ने की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग।
सागर ।। जनपद पंचायत सागर अन्तर्गत ग्राम पंचायत बिहारी खेड़ा में विभागीय अमले की सांठ गांठ से वर्ष 2021 में खेत तालाब के भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ने का मामला अब प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तक पहुंच गया। जिले के आई. टी. आई. कार्यकर्ता एड.अरविन्द कुमार राज ने उक्त मामले की शिकायत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से करते हुये खेत तालाब निर्माण में हुये फर्जीवाड़े और किये गए भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। आई. टी. आई. कार्यकर्ता एड.अरविन्द कुमार राज ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भेजे शिकायती पत्र में कहा है कि दिनाँक 14 मार्च 2021 को जनपद पंचायत सागर की ग्राम पंचायत बिहारीखेड़ा में खेत तालाब निर्माण में फर्जीवाड़े और किये गए भ्रष्टाचार की शिकायत रुकमेश सिंह पिता दयाराम कुर्मी निवासी ग्राम पंचायत बिहारीखेड़ा वि.ख. सागर द्वारा कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सागर साहित विभाग में भी की गई हैं। शिकायत पर आज दिनाँक तक ठोस कार्यवाही नही की गई हैं। शिकायत में कहा गया हैं कि उक्त प्रकरण में जनपद पंचायत सागर के तत्कालीन ए.पी. ओ मनीष मिश्रा, प्रभारी सहायक लेखाधिकारी वीर सिंह, सब इंजीनियर अभिलाष राय और तत्कालीन रोजगार सहायक महेन्द्र लोधी की भूमिका जांच के घेरे में आई थी। जिस पर जिला पंचायत सागर के तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी इक्षित गढ़पाले के द्वारा उक्त प्रकरण की जांच कर तीन दिवस में विभागीय कार्यवाही व दोषियों पर एफ.आई.आर दर्ज कराने का बयान दिया गया था। किन्तु आज आठ माह से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी खेत तालाब के भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ने की जांच नही हो सकी और ना ही दोषियों पर एफ.आई.आर भी दर्ज न होने का लाभ उठाकर कर आरोपी गण आज भी यथा स्थान पदस्थ रह कर सक्षय नष्ट करने के साथ ही जांच को भी प्रभावित कर रहे है। शिकायत मे माँग की गई हैं ग्राम पंचायत बिहारी खेड़ा जनपद पंचायत सागर जिला सागर में सांठ गांठ से खेत तालाब भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ने के आरोपी अमले को अन्यत्र स्थानांतरित कर प्रकरण की निष्पक्ष एजेंसी से जांच कराकर दोषियों पर कठोर कार्यवाही व आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाये।


