30.8 C
Madhya Pradesh
July 16, 2026
Bundeli Khabar
IMG 20220114 WA0003
देश

बुंदेलखंड की चरखारी रियासत, अदम्य साहस तोपों के नाम से डरते थे दुश्मन

Bundelikhabar

.बुंदेलखंड की चरखारी रियासत, अदम्य साहस तोपों के नाम से डरते थे दुश्मन: रोजाना तीन बार दी जाती थी सलामी.
पंकज पाराशर छतरपुर

बुंदेलखंड की चरखारी रियासत देश में जितनी अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए विख्यात थी सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से उतनी ही अभेद्य थी। दुश्मनों के छक्के छुडाने के लिए चरखारी में ऐसी ऐसी तोपें थीं जो न केवल अपनी मारक क्षमता के लिए जानी जाती थीं बल्कि उनके नाम भी इतने डरावने थे कि दुश्मन नाम सुनकर ही भाग खड़ा हो।

जगतराज ने मुड़िया पर्वत सिद्ध स्थल पर बनवाया था मंगलगढ़
दुर्ग चंदेलों के गुजर जाने के सैकड़ों वर्ष बाद राजा छत्रसाल के पुत्र जगतराज ने चरखारी के मुड़िया पर्वत सिद्ध स्थल पर किले का निर्माण शुरू कराया था। ऐसी मान्यता है कि जगतराज को एक दिन लक्ष्मी ने स्वप्न में आदेश देकर मुड़िया पर्वत पर किला बनवाने को कहा था। उन्होंने मंगलवार को किले का निर्माण शुरू करने को कहा था। मंगलवार को किले की नींव खोदी गई थी इसलिए दुर्ग का नाम मंगलगढ़ रखा गया।

अष्टधातु की तोपों के लिए प्रसिद्ध रहा है चरखारी
चरखारी दुर्ग की सैन्य व्यवस्था चाक चौबंद रखने के लिए और दुश्मनों के छक्के छुड़ाने के लिए किले के अंदर अलग अलग मारक क्षमता की तोपें थीं। तोपों के नाम ही उनकी भयावहता को दर्शाने के लिए काफी हैं। तोपों के नाम ही इतने डरावने थे, जो उनकी मारक क्षमता का स्वयं बखान करते थे। चरखारी रियासत में गर्भ गिरावन, धरती धड़कन, कड़क बिजली, सिद्ध बख्शी व काली सहाय जैसी तोपें थीं, जिनकी दूर दूर तक ख्याति थी। कोई भी दूसरा राजा चरखारी में हमला करने के पहले कई बार सोचा करता था।

फिलहाल बची है सिर्फ एक तोप
वक्त के थपेड़ों के बाद चरखारी में केवल एक तोप काली सहाय बची है जिसकी मारक क्षमता 15 किलोमीटर है। सैकड़ों वर्ष पहले तोप की यह मारक क्षमता बहुत मायने रखती थी। चरखारी रियासत में प्रतिदिन तीन बार अलग अलग समय पर तोपें दागी जाती थीं। पहली तोप सुबह चार बजे दागी जाती थी। यह तोप लोगों को जगाने के लिए दागी जाती थी। यह एक तरह से अलार्मिंग तोप हुआ करती थी। दूसरी तोप दोपहर में 12 बजे दागी जाती थी। इस समय तोप दागने का मकसद लोगों को विश्राम के लिए सूचित करना होता था। तीसरी तोप रात में सोने के लिए दागी जाती थी। ताकि लोग रात में सो जाएं और आराम करें। तीसरी तोप दागने के बाद चरखारी नगर का मुख्य फाटक बंद कर आवागमन बंद कर दिया जाता था।

भगवान कृष्ण को तीन बार दी जाती थी तोपों से सलामी
तीन बार तोपों को दागने के पीछे एक बड़ा कारण मंदिरों के पट खुलने, मंगला आरती, मंदिर के पट बंद करने व शयन आरती के लिए लोगों को सूचित करने व भगवान कृष्ण को तोपों की सलामी देना था। चरखारी का मंगलगढ़ दुर्ग सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के कारण पूरा दुर्ग कई सालों से सेना के हवाले है। आम आदमी के लिए दुर्ग में प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है।


Bundelikhabar

Related posts

तुष्टीकरण का नतीजा है साम्प्रदायिक दंग

Bundeli Khabar

आईआईएमसी एलुमनी मीट के चुनाव में यश्मी यादव चुने गए अध्यक्ष

Bundeli Khabar

मध्य प्रदेश का पहला नेशनल मिडवाइफरी ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट जबलपुर में

Bundeli Khabar
error: Content is protected !!