जबलपुर/समर्थ ठाकुर
जबलपुर नगर में आज कल बच्चों के हौसलों की चर्चा आम हो गई है ये वो स्वयं सेवक है जिन्होंने बिना किसी प्रलोभन और मानदेय के स्वयं के खर्चे पर शहर को साफ स्वच्छ रखने का संकल्प लिया है, जो अपनी शैक्षणिक गतिविधियों को रविवार के दिन विराम दे कर शहर और समाज को प्रदूषण मुक्त करने हेतु कार्य करते हैं।
क्लीन क्रू जबलपुर एक स्वयंसेवी नागरिक पहल है,जिसकी शुरुआत 22 मार्च 2026 को एक छोटे से विचार के साथ हुई थी कि“अगर देश के सैनिक इसी धरती माँ के लिए सदैव अपने प्राणों की आहुति देने को तैयार रहते हैं, तो क्या हम उसी धरती माँ को स्वच्छ रखने के लिए अपना थोड़ा-सा समय भी नहीं दे सकते?”
आज यही पहल 162+ स्वयंसेवकों के परिवार में बदल चुकी है। अब तक 28 सफल क्लीनअप ड्राइव्स के माध्यम से शहर के विभिन्न सार्वजनिक, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों से 8,960 किलोग्राम से अधिक कचरा हटाकर उन्हें पुनः स्वच्छ बनाया जा चुका है।

हर रविवार, जब अधिकांश लोग अपने परिवार के साथ समय बिताना या देर तक आराम करना पसंद करते हैं, उसी दिन क्लीन क्रू जबलपुर के स्वयंसेवक अपने शहर को कुछ लौटाने के उद्देश्य से घरों से निकल पड़ते हैं।

प्रातः 7:00 बजे से 10:00 बजे तक वे केवल सफाई अभियान ही नहीं चलाते, बल्कि नागरिकों से संवाद करते हैं, उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हैं, उनकी रोज़मर्रा की नागरिक समस्याओं को सुनते हैं तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें जबलपुर नगर निगम एवं कैंटोनमेंट बोर्ड तक पहुँचाने का भी प्रयास करते हैं।

