29.1 C
Madhya Pradesh
July 26, 2026
Bundeli Khabar
FB IMG 1631992391762
देश

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का जबलपुर दौरा

Bundelikhabar

महिलाओं को मिलेगी चूल्हें के धुएं से मुक्ति – केन्द्रीय गृह मंत्री श्री शाह
प्रधानमंत्री उज्जवला योजना 2.0 के तहत योजना के द्वितीय चरण का हुआ शुभारंभ

जबलपुर / ब्यूरो

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह वेटनरी कॉलेज ग्राउण्ड जबलपुर में आयोजित कार्यक्रम में नि:शुल्क गैस कनेक्शन वितरण करने की प्रधानमंत्री उज्जवला योजना 2.0 के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुये। केन्द्रीय मंत्री शाह ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के द्वितीय चरण के शुभारंभ के साथ ही मध्यप्रदेश में 5 लाख माताओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत ग़रीब महिलाओं के घरों को अब धुंए से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास की धारा प्रवाहित हो रही है। केन्द्र सरकार देश के गरीब, पिछड़े, आदिवासी एवं दलित वर्ग के कल्याण के लिए सतत् रूप से कार्य कर रही है। केन्द्र सरकार के वर्ष 2014 के प्रथम कार्यकाल से ही ग़रीब कल्याण के लिए बनाई गई योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। अमित शाह ने कहा कि 2014 तक लगभग 13 करोड़ धनाढ्य परिवारों के पास गैस कनेक्शन था। गरीब महिलाओं को पारम्परिक तरीक़े से लकड़ी चुन कर चुल्हे पर खाना बनाना पड़ता था, लकडी के धुएं से फेफड़ों एवं आँखों की समस्यायें होती थी। उनके इस दर्द को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने बख़ूबी समझा और इससे उज्जवला योजना की शुरुआत हुई। लगभग 9 करोड़ गरीब परिवारों के घरों तक नि:शुल्क गैस कनेक्शन प्रदान किये गये।

FB IMG 1631992405274

वर्ष 2019 में सरकार के दूसरे कार्यकाल में एक करोड़ निःशुल्क गैस कनेक्शन देने का कार्य किया गया। मध्यप्रदेश में 74 लाख लोगों को गैस कनेक्शन दिए गए। आज पाँच लाख लोगों को इसका लाभ प्रदान किया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेत़ृत्व में प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत बैंक खाते खुलवाए गए एवं इसमें शासकीय योजनाओं की राशि को सीधे भेजा गया। हर घर में बिजली पहुँचाई गई। वर्ष 2022 तक सभी पात्र हितग्राहियों के लिए पक्का मकान एवं शौचालय की व्यवस्था करवाई जा रही है। आयुष्मान कार्ड के तहत पाँच लाख रुपये का इलाज नि:शुल्क परिवारों को दिया जा रहा है। कोरोना की महामारी को देखते हुए नि:शुल्क अनाज वितरण करने की भी व्यवस्था की गई है। सरकार द्वारा सिर्फ़ वादे नहीं किए गए, बल्कि उन्हें पूरे कर इसका लाभ निचले स्तर तक पहुँचाने का कार्य किया गया है। देश के 130 करोड़ लोगों का पूर्ण समावेशी विकास करना प्रधानमंत्री श्री मोदी का लक्ष्य है। इसके तहत आत्मनिर्भर भारत, आज़ादी का अमृत महोत्सव, गरीब के चेहने पर मुस्कान लाना, बेरोज़गारों को काम दिलाना, सरकार की मुख्य प्राथमिकता है। उन्होंने आज इस कार्यक्रम में लाभान्वित होने वाले महिलाओं को बधाई दी।

गरीब माताओं को चूल्हे के धुएं से मुक्ति दिलाने का अभियान है उज्जवला योजना- मुख्यमंत्री चौहान
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने में गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 2.0 के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना गरीब माताओं को चूल्हे के धुए से मुक्ति दिलाने वाला अभियान है। इस अभियान के तहत आज मध्यप्रदेश में 5 लाख रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। श्री चौहान ने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत मध्यप्रदेश को मिले 17 लाख लक्ष्य के तहत शेष बचे 12 लाख कनेक्शन जल्द प्रदान किये जायेंगे। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के द्वितीय चरण में योजना का दायरा बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीबों के कल्याण में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। साथ ही गरीबों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए दिन-रात काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने जीवन के लिए आवश्यक रोटी, मकान, स्वास्थ्य से जुड़ी केंद्र सरकार की योजनाओ का विस्तार से जिक्र किया। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा कोविड संकट के दौरान गरीबों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत लगभग 7 माह का मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी प्रकार केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2023 तक गरीबो के लिए पक्के मकान दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। श्री चौहान ने बताया कि मध्यप्रदेश में इस वर्ष 8 लाख प्रधानमंत्री आवास का निर्माण किया जाएगा। श्री चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में अब घर-घर पानी पहुंचाने की अभिनव योजना जल जीवन मिशन के तहत भी कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।

चिन्हित प्राइवेट अस्पतालों में मिलेगा निःशुल्क इलाज
श्री चौहान ने केंद्र सरकार की कल्याणकारी और लोकप्रिय योजना आयुष्मान भारत निरामयम योजना की चर्चा करते कहा कि प्रत्येक परिवार को इस योजना के तहत 5 लाख तक का निशुल्क इलाज दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में अब तक 2 करोड़ आयुष्मान कार्ड का निर्माण किया जा चुका है तथा आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य सतत कार्य जारी है। श्री चौहान ने बताया कि इस योजना के तहत अब चिन्हित प्राइवेट अस्पतालों में भी पात्र आयुष्मान कार्ड धारियों को भी नि:शुल्क इलाज मुहैया कराया जाएगा। स्व सहायता समूहों को इस वर्ष मिलेगा 25 सौ करोड़ का क्रेडिट लिंकेज चौहान ने अपने संबोधन में जानकारी दी कि महिला सशक्तिकरण के लिए भी प्रदेश स्तर पर प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष स्व सहायता समूहों को 25 सौ करोड़ का क्रेडिट लिंकेज उपलब्ध कराया जाएगा। इसी प्रकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का यह सपना है कि प्रत्येक कामकाजी माताओं की आय कम से कम 10 हज़ार रुपये प्रति माह जरूर हो।


अतिथियों ने किया उत्पाद प्रदर्शनी का अवलोकन
कार्यक्रम से पूर्व मुख्य अतिथि केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह सहित अतिथियों ने स्वसहायता समूहों द्वारा लगाए गए उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होने स्वसहायता समूह के सदस्यों से चर्चा की। उत्पाद प्रदर्शनी के अंतर्गत वस्त्र निर्माण, मसाला, अगरबत्ती, सेनेटरी नमकीन, पापड़ के स्टॉल लगाये गये।


मंच से उज्जवला योजना के हितलाभ वितरित
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह, मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान सहित अतिथियों ने मंच से प्रधानमंत्री उज्जवला योजना 2.0 के द्वितीय चरण के तहत हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। मंच से लाभांवित होने वाले हितग्राहियों में रेनू कोटिया, शाबाना बेगम, सोनू बेन, ज्योति प्रजापति, निशा कुशवाहा शामिल रहे। कार्यक्रम का प्रारंभ परम्परागत द्वीप प्रज्जवलन के साथ प्रारंभ हुआ इसके पश्चात अतिथियों ने कन्या पूजन किया। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना 2.0 के शुभारंभ कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन सांसद श्री राकेश सिंह द्वारा दिया गया। इस अवसर पर केन्द्रीय पेट्रोलियम एवं गैस मंत्रालय मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े। कार्यक्रम में उपस्थित केन्द्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री श्री रामेश्वर तेली ने उज्जवला योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान प्रधानमंत्री उज्जवला योजना की सफलता पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, सहकारिता एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री बिसाहू लाल सिंह ने किया।

FB IMG 1631992413157

गृहमंत्री अमित शाह ने आचार्य श्री विद्यासागर महाराज से लिया आशीर्वाद

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज यहां पुण्य सलिला मां नर्मदा के तिलवाराघाट स्थित दयोदय तीर्थ पहुंचकर पावन वर्षायोग चातुर्मास कर रहे प्रख्यात दिगम्बर जैनाचार्य श्री विद्यासागर महाराज का दर्शन किया और श्रीफल भेंटकर आशीर्वाद लिया।
दयोदय तीर्थ की ब्रम्हचारिणी दीदीयों ने गृहमंत्री श्री शाह और मुख्यमंत्री श्री चौहान को हाथकरघा से निर्मित खादी वस्त्र, चांदी का मंगल कलश और आचार्य द्वारा लिखित पुस्तकें उपहार स्वरूप प्रदान की।
इस दौरान तीर्थ परिसर में केन्द्रीय खाद्य प्रसंस्करण एवं जलशक्ति राज्यमंत्री प्रहलाद सिंह पटैल, प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सांसद बी.डी. शर्मा, सांसद राकेश सिंह और प्रदेश के गृह, जेल, संसदीय कार्य, विधि एवं विधायी मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा उपस्थित रहे।

FB IMG 1631992758890

Bundelikhabar

Related posts

अमित शाह की पाक को सर्जिकल स्ट्राइक की चेतावनी

Bundeli Khabar

जगद्गुरु शंकराचार्य श्री स्वरूपानंद सरस्वती जी का देवलोक गमन

Bundeli Khabar

जम्मू-कश्मीर उच्च शिक्षा विभाग और अपग्रेड फाउंडेशन की साझेदारी

Bundeli Khabar
error: Content is protected !!