जबलपुर / ब्यूरो
कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने आज नगर निगम स्मार्ट सिटी में बैठक कर नगर निगम से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उन्हें प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिये। इस दौरान नगर निगम कमिश्नर श्री संदीप जीआर सहित नगर निगम के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर शर्मा ने कहा कि नगर निगम से संबंधित विषयों को लेकर लोग कलेक्टर कार्यालय आते हैं अत: आमजन की समस्या का निराकरण कर लोगों को जनहितैषी व हितग्राही मूलक योजनाओं से लाभांवित करें। साथ ही उनके राशन कार्ड, मृत्यु प्रमाण-पत्र, मेरिज सर्टीफिकेट, समग्र आईडी में नाम जोडऩे, पेयजल, सड़क, नल का बिल, रोड निर्माण व सड़क निर्माण में सुरक्षा व्यवस्था, डायवर्सन आदि समस्याओं का तत्काल निराकरण करें।
नगर निगम अपनी मूल सेवा कार्य अंतर्गत कार्य कर सेवा प्रदाता एजेंसी के रूप में सामने आये। सेवा प्रदान करने के सिस्टम को ठीक करें और वहां ध्यान दें जहां उनकी सर्विस डिलीवरी सिस्टम में परेशानी है। शिकायतों के बढऩे के कारणों को पहचाने और उसे निराकरण करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण के लिए नगर निगम के सभी जोनों में 12 अगस्त से जन समस्या निवारण शिविर रखें और सुशासन की दिशा में कार्य करें।
समस्या लेकर कोई व्यक्ति आपके पास न आये बल्कि अधिकारी समस्याओं के निराकरण के लिए लोगों के पास जायें यही प्रोएक्टिव गर्वनेंस है। इस दौरान कलेक्टर शर्मा ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा के साथ नगर निगम के अन्य योजनाओं की प्रगति देखा तथा संबंधित अधिकारी से इस संबंध में आवश्यक जानकारी ली।


