जबलपुर के सिहोरा में शराबी पुत्र ने विकलांग पिता को खटिया में बांधकर जिंदा जलाया, सिहोरा थाना अंतर्गत दर्शनी गांव में मंगलवार रात की घटना, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
जबलपुर/ब्यूरो
जबलपुर के सिहोरा तहसील के दर्शनी गांव में एक कलयुगी पुत्र ने शराब के नशे में पहले तो अपने पिता के साथ जमकर मारपीट की। मारपीट के बाद विकलांग पिता को खटिया से बांधकर कपड़े डाल कर आग लगा कर जिंदा जला दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह सनसनीखेज वारदात सिहोरा थाना क्षेत्र के दर्शनी गांव में मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से हासिल जानकारी के मुताबिक ग्राम दर्शनी निवासी राम जी कोल (65) पैर से विकलांग हैं। मंगलवार रात करीब 10:30 बजे के छोटा बेटा आदेश कोल (26) शराब के नशे में घर पहुंचा और पिता से विवाद करने लगा। बीच-बचाव करने आई मां कोरी बाई (60) को कुल्हाड़ी लेकर दौड़ा दिया। मारपीट करने के बाद आरोपी ने पिता को खटिया से बांधा और घर के कपड़े डालकर आग लगा दी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
शराब पीकर माता-पिता से आए दिन करता था मारपीट
जानकारी में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी आदेश कोई काम धाम नहीं करता था साथ ही वह शराब का आदी था। शराब के नशे में वह आए दिन विकलांग पिता और मां के साथ मारपीट करता था। आदेश की शादी भी हो चुकी है लेकिन शराब की लत के कारण उसकी पत्नी उसे छोड़ कर चली गई।
मां बोली अगर मैं नहीं भागती तो मुझे भी उतार देता मौत के घाट
आरोपी की मां कोरी बाई के मुताबिक रात में आदेश शराब के नशे में घर पहुंचा और गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगा जब उसने बीच-बचाव किया तो आदेश उसके पीछे कुल्हाड़ी लेकर दौड़ पड़ा। अगर वह वहां से नहीं भागती तो आदेश उसे भी मौत के घाट उतार देता।
मौके पर पहुंची एस एफ एल की टीम, लिए आवश्यक नमूने
दर्शनी गांव में हुई इस सनसनीखेज वारदात की जानकारी ग्रामीणों को सुबह लगी कोटवार ने घटना की सूचना से होरा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे के अंदर से अधजली विकलांग की लाश को पीएम के लिए सिहोरा मर्चुरी पहुंचाया। घटनास्थल पर पहुंची एसएफएल की टीम ने आवश्यक नमूने घटनास्थल से लिए। वहीं पुलिस ने आरोपी आदेश को गिरफ्तार कर लिया है।

