पाटन / सजल सिंघई
समूचे प्रदेश में कर्मचारियों की हड़ताल का दौर चालू है इसी क्रम में अब मध्यप्रदेश विद्युत विभाग के आऊट सोर्स कर्मचारियों ने अपनी मांगों को ले कर हड़ताल का रुख अख्तियार किया है, यदि कर्मचारियों की माँगों के संबंध में जल्द कोई निर्णय नही लिया गया तो 1 अक्टूबर से कर्मचारी हड़ताल के लिये मजबूर हो जायेेंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्युत विभाग में कार्यरत आऊट सोर्स कर्मचारियों ने आज कार्यपालन यंत्री पाटन को अपनी मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा, कर्मचारियों के अनुसार आऊट सोर्स कर्मचारी का विलय कंपनी में होना चाहिए साथ ही हम आऊट सोर्स कर्मचारियों को बिना किसी पूर्व नोटिस के काम से निकाल दिया जाता है इन्ही सब मांगों को लेकर समस्त आऊट सोर्स कर्मचारी लामबंद हुए हैं, उक्त संबंध में कर्मचारियों के संगठन द्वारा ऊर्जा मंत्री को भी ज्ञापन दिया गया था, जिस संबंध में ऊर्जा मंत्री द्वारा एक माह के अंदर निराकरण का आश्वासन दिया था किंतु एक माह का समय निकलने के बाद भी कर्मचारियों के हित में कोई भी कदम नही उठाया गया, जिससे कर्मचारियों को हड़ताल का रुख अख्तियार करना पड़ा।
गैरतलब है कि विधुत विभाग के छोटे कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डाल कर काम करते हैं किंतु इस ओर प्रशासन अपनी दृष्टि केंद्रित नही करता है न ही इनके हितार्थ कोई निर्णय लेता है, कर्मचारियों द्वारा समय समय पर अपनी मांगें शासन औऱ प्रशासन के समक्ष रखी जातीं हैं किंतु प्रशासन के कानों पर जूं भी नही रेंगता है। हालांकि कर्मचारियों द्वारा आश्वासन दिया गया है कि उनके इस कदम से आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नही झेलनी पड़ेगी।
म.प्र.बिजली आउटसोर्स कर्मचारियों की अनिश्चित कालीन धरना में शामिल हुए पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी।
सागर में म.प्र.बिजली आउटसोर्स कर्मचारी संगठन सागर के द्वारा आउटसोर्स कर्मचारी की विभिन्न माँगो को लेकर जिला मुख्यालय पर किये जा रहे अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन में म.प्र. कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने कांग्रेसजनो के साथ शामिल होकर बिजली आउटसोर्स कर्मचारियों की मांगो का समर्थन किया।इस दौरान बिजली आउटसोर्स कर्मचारीयों ने अपनी 12 सूत्रीय विभिन्न मांगों का ज्ञापन पूर्व मंत्री चौधरी को सौंपा। जिस पर चौधरी ने बिजली आउटसोर्स कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है और जब तक उनकी मांगों का निराकरण नही हो जाता तब तक पूरी ताकत के साथ उनके साथ रहेंगी। इस दौरान पूर्व मंत्री चौधरी के साथ धरना प्रदर्शन में जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष दुलारे यादव, युवा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष अशरफ खान, मुकेश खटीक, अनिल कुर्मी, सन्दीप चौधरी, अबरार सौदागर आदि कांग्रेसजन शामिल हुये।


