संदीप शेंडगे/महाराष्ट्र
कल्याण : कल्याण डोंबिवली महानगर पालिका (कडोंमपा) में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नगरसेवक संदीप एकनाथ गायकर के खिलाफ एक महिला ने विनयभंग (मोलस्टेशन) की एफआईआर की है।
15 सितंबर 2021 को बाजारपेठ पुलिस ने संदीप गायकर के खिलाफ आईपीसी की धारा 354, 354 (डी), 323, 504, 506, 341, 67 और 67 (ए) के तहत एफआईआर (सीआर नंबर 338/2021) दर्ज की है। एफआईआर की कॉपी एबीआई के पास है।
एफआईआर के अनुसार संदीप गायकर और महिला की पहचान वर्ष 2014 में फड़के मैदान में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के दौरान हुई थी। 34 वर्षीय महिला समाज सेविका है तो उसने भी फेस्टिवल में भाग लिया था। इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल की कमेटी में सदस्य बना देने का वादा कर गायकर ने महिला से दोस्ती की। धीरे धीरे दोस्ती को प्यार में बदल दिया। वे महिला को शादी के लिए दबाव डालने लगे। हालांकि गायकर 3 बच्चों के बाप हैं।
महिला के शादी से इंकार करने पर वे उसे प्रताड़ित करने लगे। अश्लील फोटो भेजने लगे। गाली गलौज करने लगे। पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी देने लगे। कई दफा सामूहिक रूप से बेइज्जत भी किया। हाथ भी उठाया। गायकर की ऐसी हरकतों से तंग महिला ने एफआईआर दर्ज करवा दी। संदीप गायकर स्थायी समिति के सभापति भी रह चुके हैं।

